नवीन गुप्ता गुट ने जारी की 670 सदस्यों की सूची, अरुण वशिष्ठ गुट ने लगाए आरोप
मेरठ। जिमखाना मैदान के सामने अपार चेंबर में संयुक्त व्यापार संघ का चुनाव कार्यालय आरंभ हो गया। दोपहर तीन बजे नवीन गुप्ता, अमन गुप्ता, विकास गिरधर, पूर्व महामंत्री संजय जैन आदि व्यापारी कार्यालय पहुंचे। चुनाव अधिकारी गिरीश अग्रवाल, मनोज अग्रवाल ने 670 सदस्यों की सूची जारी की। खास बात यह है कि जारी की गई सूची में महामंत्री अरुण वशिष्ठ, पूर्व अध्यक्ष बिजेंद्र अग्रवाल और कोषाध्यक्ष पवन मित्तल के भी नाम हैं। हालांकि मौजूदा रुख को देखते हुए नवीन गुप्ता और अरुण वशिष्ठ के बीच सुलह की संभावना नजर नहीं आ रही है। गलत पदाधिकारियों की रसीदें काटने का आरोप एक ओर नवीन गुप्ता गुट ने 23 दिसंबर को होने वाले चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं अरुण वशिष्ठ गुट द्वारा व्यापार संघों की अलग से रसीदें काटी जा रही हैं। अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कोटला बाजार में मंत्री पद के पुष्पिंद्र सिंह की रसीद काटने पर प्रश्न चिह्न् लगाया है। उन्होंने कहा कि मेरठ खाद्य पदार्थ निर्माण संघ के प्रधान के रूप में जयभगवान की रसीद काटी गई है। कोटला बाजार में खाना खजाना कोई प्रतिष्ठान नहीं है, जबकि रसीद में उक्त संगठन के मंत्री पुष्पिंद्र सिंह इसके संचालक बताए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुष्पिंद्र सिंह व्यापार संघ के उपाध्यक्ष दलजीत सिंह के पुत्र हैं।
उनकी फोटोग्राफर एसोसिएशन के नाम की संस्था में भी वोट है। व्यापार संघ के उपाध्यक्ष दलजीत सिंह (अरुण वशिष्ठ गुट) ने कहा कि यह वोट जानबूझकर नवीन गुप्ता को आइना दिखाने के लिए है कि फर्जी वोट से किस तरह तकलीफ होती है। उन्होंने 54 फर्जी संस्थाएं खड़ी कर दीं और पूछने पर जवाब भी नहीं देते थे। खाना-खजाना प्रतिष्ठान कोटला बाजार में है, जांच की जा सकती है। नवीन गुप्ता को बताना चाहिए कि केसर गंज अंबा बाजार में कहां उनकी दुकान है जहां से वह पदाधिकारी हैं।