2 दिन के दौरे पर भारत आएंगे डोनाल्ड ट्रंप, हाउडी मोदी के तर्ज पर केमछो ट्रंप प्रोगाम का होगा आयोजन

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 24-25 फरवरी को भारत दौरे पर आ रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर ट्रंप का यह पहला दौरा होगा। ट्रंप के भारत दौरे की जानकारी व्हाइट हाउस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल मिली है।


व्हाइट हाउस के ट्वीट में बताया गया है कि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 24-25 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए भारत की यात्रा पर जाएंगे।


ट्रंप की पत्नी भी रहेंगी साथ


ट्वीट में यह भी बताया गया है ट्रंप का ये भारत दौरा अमेरिका-भारत की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा। साथ ही ये यात्रा अमेरिकी और भारतीय लोगों के बीच मजबूत बंधन को जाहिर करेगी। इस यात्रा के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी पत्नी और अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप भी साथ रहेंगी।


ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया गुजरात भी जा सकते हैं। आपको बता दें कि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने दो बार भारत दौरा किया था। ओबामा पहली बार 2010 में भारत आए थे उसके बाद 2015 में वे एक बार फिर भारत दौरे पर आए थे।


जब से डोनाल्ड ट्रंप के भारत आने की चर्चा के साथ ही गुजरात जाने की चर्चा शुरु हुई है। तब से गुजरात सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बताया जा रहा है कि अहमदाबाद के मोटेरा इलाके में मौजूद सरदार पटेल स्टेडियम जो कि दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है, उसका उद्घाटन ट्रंप के हाथों करवाया जा सकता है।


आपको याद दिला दें कि पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका यात्रा पर पहुंचे थे तो टेक्सास में ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इसी तर्ज पर ‘केमछो ट्रंप’ प्रोग्राम का भी आयोजन होने जा रहा है। दुनिया के दो बड़े नेताओं के हाथों से दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम का उद्घाटन करने का प्रस्ताव है, जिसकी क्षमता 1.10 लाख है।